पैकोलिया बरुवार में अभिलेखों का निरीक्षण करते बीएसए इंद्रजीत प्रजापति।
- फोटो : BASTI
गोशाला के निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री को बताया घटिया
पैकोलिया बरुवार व जलालाबाद परिषदीय विद्यालयों को बीएसए ने किया निरीक्षण
संतोषजनक मिला विद्यालयों का कार्य
पैकोलिया। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय पैकोलिया बरुवार व जलालाबाद का बीएसए इंद्रजीत प्रजापति ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 11 बजे पैकोलिया बरुवार पहुंचे बीएसए व बीईओ ओंकार वर्मा ने विद्यालय के अभिलेखों का निरीक्षण किया। इसके बाद निर्माणाधीन वृहद गोशाला कठौतियां सांवडीह का निरीक्षण किया। इसमें उपयोग की जा रही सामग्री को घटिया बताया।
बीएसए ने तीन दिन पहले तक छात्रों की उपस्थिति व मिड-डे-मील के रजिस्टर का अवलोकन किया। जिसमें अंकित छात्रों की संख्या संतोषजनक पाई गई। उन्होंने बच्चों से कई सारे प्रश्न पूछे, जिसका बच्चों ने सही जवाब दिया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि ऐसे ही बच्चों को बढ़िया शिक्षा देने का काम करें। मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक इंद्रावती, राजेश कुमार, अर्चना सिंह, सूर्यकांत चौधरी, अंतिमा और आशीष वर्मा आदि मौजूद थे। प्राथमिक विद्यालय जलालाबाद पहुंचे बीएसए ने अभिलेखों की जांच, मिड डे मील का मेन्यू, बच्चों की उपस्थिति आदि का निरीक्षण किया। इसके बाद निर्माणाधीन वृहद गोशाला कठौतियां सांवडीह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय गोशाला निर्माण में प्रयोग की जा रही सामग्रियों का अवलोकन किया। बीएसए ने बताया कि निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री बेहद घटिया किस्म की है। जांच रिपोर्ट डीएम प्रियंका निरंजन को भेजी जाएगी।