रुधौली डिस्टिलरी का ताला खोला गया।
- फोटो : amar ujala
रुधौली। आमी में कचरा डालने का दोषी पाये जाने वाली अठदमा स्थित बजाज शुगर मिल की डिस्टिलरी यूनिट का ताला सोमवार को राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेश पत्र पर खोल दिया गया। इसके साथ ही बोर्ड ने स्थानीय शुगर मिल को आमी नदी में कचरा नहीं डालने के लिए सख्ती से निर्देशित किया है। 2011 में सबसे पहले आमी बचाओ मंच ने बजाज शुगर मिल पर आमी नदी में कचरा डालने का आरोप लगाया था। आमी के प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई शुरू की थी। बाद में उज्जवल सेवा संस्थान सहित कई संगठनों ने बजाज शुगर मिल के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया। आंदोलनों एवं शिकायतों पर हुई जांच में मई 2017 में बजाज सुगर की डिस्टिलरी इकाई से आमी नदी में कचरा एवं गंदा पानी छोड़े जाने की पुष्टि हुई। उसके बाद 22 मई 2017 को एनजीटी के निर्देश पर एसडीएम कीर्ति प्रकाश भारती ने डिस्टिलरी यूनिट पर ताला लगा दिया था। जिसके बाद फैक्ट्री की पहल एवं दोबारा से नदी में कचरा नहीं डाले जाने की शर्त पर एनजीटी ने ताला खोलने के लिए जिलाधिकारी बस्ती को पत्र लिखा था। निर्देश का अनुपालन करते हुए सोमवार को एसडीएम कीर्ति प्रकाश भारती ने यूनिट का ताला खोल दिया।