पहली बार कृषि विभाग कराएगा खेती
सिद्धार्थनगर से मंगाया जा रहा बीज
केवीके में चला तीन साल ट्रायल, तब हुई आधिकारिक पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले की आबोहवा काला नमक धान की खेती के लिए मुफीद पाई गई है। अब कृषि विभाग सिद्धार्थनगर से बीज मंगाकर किसानों को वितरित करेगा। आधिकारिक तौर में जिले में पहली बार काला नमक धान की खेती होगी। हालांकि, कुछ किसान इसकी खेती लंबे समय से कर रहे हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र के सस्यविज्ञानी डॉ. हरिओम मिश्र ने बताया कि केवीके परिसर में तीन साल तक काला नमक धान की खेती का ट्रायल हुआ। जिले की जलवायु और आबोहवा में इसकी खेती के लिए मुफीद पाई गई है। ऐसे में किसान निश्चिंत होकर काला नमक की रोपाई कर सकते हैं। तीन सालों से केवीके की निगरानी में काला नमक की खेती कर रहे नवोन्मेषी पुरस्कार प्राप्त किसान राममूर्ति मिश्र ने बताया कि जिले में काला नमक अपने यहां भी बढि़या पैदावार दे रहा है।
इसकी खुशबू व गुणवत्ता सिद्धार्थनगर के चावलों जैसी ही है। यदि कृषि विभाग किसानों को इस बार काला नमक का बीज वितरण करने जा रहा है तो यह सुखद होगा। जिला कृषि अधिकारी रतन शंकर ओझा ने बताया कि पहली बार जिले में काला नमक बीज का वितरण कराया जाएगा। इसके लिए सिद्धार्थनगर से 10 क्विंटल बीज मंगवाया गया है।
..
नौ प्रजाति के बीजों को होगा वितरण
संयुक्त कृषि निदेशक अविनाश चंद्र तिवारी ने बताया कि अच्छी गुणवत्ता एवं उन्नतिशील प्रजाति के बीजो का आवंटन प्राप्त हो गया है। बताया कि मंडल के तीनों जिलों में साभा सब-1, बीपीटी-5204, काला नमक-3, सरजू-52, एचयूआर-917, सीओ-51, एनडीआर-2065, पंत-24, सियेट्स धान- 4 आदि प्रजाति के धान की खेती इस बार कराई जाएगी। बताया कि मोटे धान के प्रामाणित बीज का 4193 प्रति क्विंटल और महीन धान के बीज 4223 रुपये प्रति कुंतल की दर से निर्धारित हैं। बताया कि इस बार पीओएस मशीन से ही बीज वितरण होगा।
...