बस्ती। अटल प्रेक्षा गृह में आयोजित चार अन्य निकायों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद इन सभी जगहों पर पहली बार निकाय सरकार अस्तित्व में आई हैं। नगर पंचायत गायघाट से भाजपा के निर्वाचित अध्यक्ष सुनील कुमार एवं 10 वार्डों से निर्वाचित सदस्यों को, नगर पंचायत नगर बाजार से भाजपा की निर्वाचित अध्यक्ष नीलम सिंह राना एवं 15 वार्डों से निर्वाचित सदस्य, नगर पंचायत गनेशपुर से भाजपा की निर्वाचित अध्यक्ष सोनमती चौधरी और 15 वार्डों के सभासद एवं नगर पंचायत मुंडेरवा से बसपा के निर्वाचित अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह और 15 वार्डों के सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। यहां निकाय प्रतिनिधियों के साथ सभागार में उनके समर्थक और संबंधित पार्टी के नेता भी पहुंचे थे। इस दौरान निकाय के प्रथम अध्यक्ष एवं वार्ड के प्रथम सभासद बनने की खुशी सभी निर्वाचित लोगों के चेहरे पर साफ झलक रही थी। समारोह में मुख्य रूप से भाजपा विधायक अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल आदि मौजूद रहे।
कप्तानगंज में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण समारोह
कप्तानगंज। नगर पंचायत कप्तानगंज में भी पहली बार निकाय सरकार गठित हुई है। ब्लाक संसाधन केंद्र पर आयोजित समारोह के दौरान प्रथम अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित सपा के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी एवं 15 वार्डों के निर्वाचित सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। सभासद फूल कला, राजीव, रत्नावली देवी, राजेश, रामरक्षा यादव, आशा देवी, राम जीत चौधरी आदि ने शपथ ली। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि कप्तानगंज को आदर्श नगर पंचायत बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
-
रुधौली में अध्यक्ष पद पर धीरसेन ने ली दूसरी बार शपथ
रुधौली। स्थानीय तहसील मुख्यालय पर आयोजित समारोह के दौरान उपजिलाधिकारी अतुल आनंद ने अध्यक्ष पद पर निर्वाचित सपा के धीरसेन निषाद तथा 15 वार्डों के निर्वाचित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नगर पंचायत अध्यक्ष धीरसेन का यह दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके अलावा नगर पंचायत के गरीब व जरूरतमंद तबके को हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी। यहां सपा नेताओं के अलावा सीओ रुधौली प्रीति खरवार, तहसीलदार केसरी नंदन त्रिपाठी, ईओ रुधौली अवनीश सिंह मौजूद रहे।
हर्रैया में भी दिलाई गई शपथ
हर्रैया। नगर पंचायत हर्रैया का शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में आयोजित हुआ। यहां एसडीएम गुलाब चंद्र ने सपा के निर्वाचित अध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजू एवं 14 वार्डों के निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी, सपा जिला अध्यक्ष एवं विधायक महेंद्र नाथ यादव, विधायक राजेंद्र चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अध्यक्ष ने कहा कि जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ दिलाने के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना ही उनकी प्राथमिकता होगी। पूर्व अध्यक्ष कुंवर ध्रुव नारायण सिंह, सुभाष चंद्र त्रिपाठी, मोहम्मद सहजाद, कैप्टन डीपीएन सिंह, विनय सिंह, गौरव सिंह आदि मौजूद रहे।
नगर पंचायत कप्तानगंज के सदस्यो ने ली शपथ।
नगर पंचायत कप्तानगंज के सदस्यो ने ली शपथ।
नगर पंचायत कप्तानगंज के सदस्यो ने ली शपथ।
नगर पंचायत कप्तानगंज के सदस्यो ने ली शपथ।
नगर पंचायत कप्तानगंज के सदस्यो ने ली शपथ।