फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: श्रद्धालुओं से भर गया शहर...सड़कों पर पैदल चल रही दो लाख से अधिक भीड़

विज्ञापन
विज्ञापन
माता रानी के सच्चे दरबार में उमड़ पड़ा श्रद्धालुओं का रेला, जगह-जगह लग रहा जाम
विज्ञापन

आवागमन बहाल रखने में आधी रात तक खाकी वर्दी कर रही मशक्कत, जगराता की मची धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर श्रद्धालुओं से भर गया है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार दिन ढलने के बाद दो लाख से अधिक भीड़ सड़कों पर पैदल चल रही है। जगह-जगह जाम का झाम है। आस्था के इस सैलाब में कहीं साइकिल, बाइक तक चलने की गुंजाइश नहीं है तो जहां वाहन चलने के छूट है वहां जाम लग जा रहा है। गांधीनगर, पांडेय बाजार, मंगल बाजार, सुर्ती हट्टा में तो श्रद्धालुओं का रेला उमड़ रहा है। यह दृश्य है शुक्रवार रात की।
शहर में जगह-जगह सजाए गए माता रानी के दरबार में श्रद्धालुओं को हुजूम थमने का नाम नहीं ले रहा है। शाम सात बजे से ही पैदल दर्शानार्थियों की संख्या बढ़ जाती है। रात 10 बजते-बजते मुख्य मार्गों से लेकर गली, मोहल्लों तक की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लग जाती है। फव्वारा तिराहा, कंपनीबाग से लेकर रोडवेज तक, गांधीनगर मार्ग के दोनों लेन पर सिर्फ और सिर्फ श्रद्धालु ही नजर आ रहे थे।
विज्ञापन

महिलाओं, बच्चों, पुरुषों का हुजूम देवी दर्शन करते हुए आगे बढ़ रहा था। यहां साइकिल और बाइक चलने की गुंजाइश नहीं थी। इक्का-दुक्का बाइक वाले नजर भी आए तो उन्हें भीड़ से निकलने में घंटों लग गए। सड़क के किनारे दुर्गा पंडालों में चल रहे भगवती जागरण के चलते इस मार्ग पर जगह-जगह भीड़ एकत्र हो गई। देवी गीतों में लोगबाग इतना मगन हुए कि उन्हें यह भी पता नही था कि जहां वह खड़े हैं वह शहर की मुख्य सड़क हैं। पुलिस भी भीड़ के आगे बेबस नजर आ रही थी। गांधीनगर के अलावा अस्पताल चौराहा से दक्षिण दरवाजा, रेलवे स्टेशन से सुर्ती हट्टा और मंगल बाजार से पांडेय बाजार तक एक जैसा दृश्य रहा। रात 12 बजे के बाद भीड़ हल्की होनी शुरू हुई, मगर सड़क खाली होने में सुबह हो गई।
...
मालवीय मार्ग पर पुलिस करती रही मशक्कत
रोडवेज बसों एवं अन्य वाहनों के आवागमन के लिए मालवीय मार्ग को बहाल रखा गया है, मगर यहां श्रद्धालुओं के भीड़ का दबाव रात में बढ़ गया। सक्सेरिया इंटर कॉलेज परिसर में प्रदर्शनी लगने से मेले की भीड़ यहां पहुंच रही है। इस वजह से बैरियहवां चौराहे पर ठसाठस जाम लग गया। यहां पुलिस के अधिकारियों को आधी रात तक आवागमन बहाल रखने के लिए पसीना बहाना पड़ा। इसके अलावा रौता चौराहा पर जगराता एवं देवी पंडाल की वजह से श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। यहां भी वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया था। कमोवेश यहीं हाल रोडवेज पर भी रहा। ब्लॉक रोड, धर्मशाला रोड पर जाम, भीड़, हलचल पूरी रात बनी रही।
...
आसपास के गांवों से निकल रहे श्रद्धालु
शहर में दुर्गा पूजा की भव्यता को निहारने के लिए आसपास के करीब 20 किमी परिधि के लोग श्रद्धालु बनकर शाम को शहर में पहुंच रहे हैं। यहां आधी रात तक मेले का लुत्फ उठाने के बाद ही लोग घर की ओर रुख कर रहे हैं। इसके अलावा दूरदराज के लोग शहर में रहने वाले रिश्तेदारों के घर पर दुर्गा पूजा देखने के लिए डेरा डाले हुए हैं।
...
चंद्र ग्रहण की वजह से शनिवार को भीड़ हुई कम
चंद्र ग्रहण की वजह से शनिवार की शाम सूतक मुहूर्त में कुछ देवी प्रतिमाओं के पट नहीं खोले गए। पूजा समितियों की ओर से एक दिन पहले ही इसकी सूचना प्रसारित कर दी गई थी। इस वजह से श्रद्धालुओं की भीड़ हल्की रही। फिर भी श्रद्धालुओं का जत्था सड़कोंं पर देखा गया।
...
आज से फिर उमड़ेंगे श्रद्धालु
शहर में रविवार की शाम से देवी भक्त फिर उमड़ना शुरू हो जाएंगे। चंद्र ग्रहण की वजह से इस बार दुर्गा पूजा उत्सव की अवधि शरद पूर्णिमा से दो दिन बढ़ गई है। अंतिम दो रात अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। इस हिसाब से पुलिस ने तैयारियां भी बढ़ा दी हैं।
...
डिवाइडर पर चल रहे थे लोग
गांधीनगर मार्ग पर भीड़ अधिक हुई तो युवा वर्ग सड़क के बीच में बने डिवाइडर पर चलने लगे। कंपनीबाग से रोडवेज तक युवाओं को डिवाइडर पर चलते हुए देखा गया। वहीं जहां डिवाइडर नहीं हैं वहां प्रशासन ने मार्ग के बीचोबीच रस्सी लगाकर सड़क को दो लेन में परिवर्तित कर दिया है।
...
गूंज रहा शेरावालिए का जयकारा
यहां-वहां, जहां-तहां हर ओर मां दुर्गा के पंडाल सजे हुए हैं। शाम ढलते ही शेरावालिए के जयकारों की गगनभेदी गूंज में बाजार, दुकान जैसी शहरी हलचल गुम हो जा रही है। राहगीर हों या जगह-जगह ठहरे हुए लोग हर कोई सिर्फ श्रद्धालु के रूप में नजर आ रहा है। एक छोर से श्रद्धालु प्रवेश कर रहे हैं और दूसरे छोर तक पैदल ही पहुंच जा रहे हैं। पांच से आठ किमी की लंबी दूरी कब तय हो जा रही है श्रद्धालुओं को पता ही नहीं चल रहा है।
विज्ञापन

...

पुलिस बोल रही हैं-मत जाइए, भीड़ बहुत है...
रोडवेज, कटरा, मालवीय मार्ग पर जगह-जगह मुस्तैद पुलिस जैसे ही कोई वाहन से गांधीनगर की ओर रुख करना चाह रहा है पुलिस तुरंत बोल रही है कि इधर मत जाइए... आगे बहुत भीड़ है। वाहन से नहीं निकल पाएंगे। अस्पताल चौराहा और दक्षिण दरवाजे पर भी यही कहकर मंगलबाजार की ओर से वाहन सवारों को लौटा दिया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें