बस्ती। सीएमओ कार्यालय में तैनात एक वरिष्ठ लिपिक से आकस्मिक (कंटीजेंसी) बिल का चार्ज छिन गया है। सीएमओ ने दूसरे लिपिक को जिम्मेदारी सौंप दी है। यह पटल परिवर्तन सीएमओ कार्यालय में चर्चा का विषय है। जानकारी के अनुसार, यहां कर्मचारियों के दो गुट हैं। महत्वपूर्ण पटलों को लेकर अक्सर खींचतान रहती है। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने वरिष्ठ लिपिक प्रेम बहादुर के पास से कंटीजेंसी चार्ज हटाकर दूसरे लिपिक संदीप राय को दे दिया है। इसी के बाद आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। कार्यालय के कुछ बाबू इसे गलत ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि वरिष्ठ लिपिक से चार्ज छीनकर कनिष्ठ को देना उचित नहीं है। वहीं कुछ कर्मचारी सभी बाबुओं के पटल परिवर्तन की मांग उठा रहे हैं। सीएमओ का कहना है कि वरिष्ठ लिपिक प्रेम बहादुर के पास कार्यों का बोझ है। उनके पास वेतन भुगतान एवं देयक संबंधी पटल का जिम्मा है। इसीलिए उनसे कुछ चार्ज ले लिया गया है। संवाद