भानपुर। सोनहा थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव के निकट सरयू नहर खंड चार की शाखा में लापता 15 वर्षीय किशोर मेहताब का सोमवार देर रात शव मिल गया। नहर में पानी का दबाव कम होने पर ग्रामीणों ने शव को बहार निकाला। पुलिस ने शव उसके परिजनों को सौंप दिया। मेहताब ग्राम मझौवाराम प्रसाद का रहने वाला था। सोमवार दोपहर को दोस्तों के साथ घूमने निकले मेहताब की बाइक अनियंत्रित होकर नहर पर बनी पुलिया से टकरा गई थी। वह अपने दो दोस्तों के साथ नहर में गिर गया था। उसके दोनों साथी अखिलेश और इरशाद तो तैरकर नहर के बाहर आ गए थे, लेकिन मेहताब पानी के तेज बहाव में लापता हो गया था। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई थी। घटना की सूचना पाकर युवक के परिजन भी पहुंच गए थे। लोगों ने इसकी सूचना असनहरा चौकी और सोनहा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय गोतोखोरों की मदद से नहर में तलाश शुरू कराई और स्थानीय गोताखोरों की मदद भी ली। संवाद