- जगह-जगह निकाली गई शोभायात्रा, लगाए गए मेले
- नवरात्र व्रतियों ने घरों व मंदिरों में कराया हवन, पारायण आज
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह श्रीरामलला की मन मोहक झांकी और शोभायात्रा निकाली गई। भय प्रकट कृपाला दीन दयाला... के स्वर से शहर व कस्बों की गलियां गूंज उठीं। वहीं परशुरामपुर के मखौड़ा धाम और शृंगीनारी में भव्य मेले का आयोजन हुआ।
नवरात्र का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने मंदिरों व घरों में हवन पूजन किया। घरों में कन्या भोज करवाकर आशीर्वाद लिया। कुछ व्रतियों ने शाम को अन्न ग्रहण कर पारायण किया, लेकिन ज्यादातर बृहस्पतिवार को व्रत का पारायण करेंगे। महराजगंज व हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार हाईवे के चौकड़ी टोल प्लाजा पर बुधवार को रामनवमी पर टोल कर्मियों ने श्रद्धालुओं को जलपान कराया। बाइक और बस में सवार श्रद्धालुओं की सेवा की। टोल मैनेजर संदीप मानसिंह ने कहा कि हिंदू का पवित्र त्योहार रामनवमी पर हम लोग सामूहिक जलपान की व्यवस्था टोल प्लाजा पर की गई हैं। यह कार्यक्रम आगे भी चलता रहेगा।
बनकटी प्रतिनिधि के मुताबिक नवमी को देई माता मंदिर देईसाड़, बेहिल, थालेश्वर नाथ थाल्हापार, खोरेश्वर नाथ खोरिया, खरका, भरवलिया, दौलतपुर आदि मंदिरों व घरों में वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंत्रोच्चार के साथ हवन पूजन किया गया। कन्या पूजन कर भोजन कराया गया। कुछ ने उपवास तोड़कर पारायण किया। तो अधिकांश भक्त दशमीं तिथि पर बृहस्पतिवार को पारायण करेंगे।
मुंडेरवा प्रतिनिधि के अनुसार अलौकिक झाकियों और हाथी घोड़ों की पालकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। रिषभ जायसवाल,आशुतोष जायसवाल,विजय रजंन त्रिपाठी,धीरज कसौधन, बिल्लू,मनोज जायसवाल,जेपी जायसवाल,शिवम भट्ट,वी के गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे। रुधौली प्रतिनिधि के मुताबिक मंगलवार को चैत्र नवरात्र पर नवरात्र व्रत करने वाले श्रद्धालुओं ने देवी मंदिरों में विधिवत हवन पूजन कर पूर्णाहुति दी। सरघाट देवी मंदिर सुरुवार कला स्थित बागेश्वरी माता मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की वहीं बच्चों ने मेले का आनंद उठाया। नगर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत नगर व आस-पास के गांवों में रामनवमी का त्योहार धूम-धाम से मनाया गया। भानपुर प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील क्षेत्र के पानन कुईंया गांव में शिव गायत्री मंदिर पर चैत्र नवरात्र के महानवमी के अवसर पर हवन के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। प्रबंधक उदय प्रताप सिंह ने बताया कि चैत्र नवरात्र के मौके पर गायत्री मंदिर मे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से हवन के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया।