- टाउन क्लब में आयोजित दो दिवसीय कजरी महोत्सव का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। टाउन क्लब में आयोजित दो दिवसीय कजरी महोत्सव का समापन बृहस्पतिवार को हुआ। इस दौरान कलाकारों ने लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समां बांधा। उनके एक से बढ़कर गीतों की प्रस्तुति पर श्रोता खूब झूमे।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, एसडीएम सदर गुलाब चंद्र व पर्यटन अधिकारी विकास नारायण ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद बाहर से आए कलाकारों ने लोक परंपराओं से जुड़े कजरी, सोहर आदि गीतों की बौछार कर दी। वहीं विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने भी संगीत कौशल का जलवा बिखेरा। जीजीआईसी, बेगम खैर, पांडेय गर्ल्स, झिनकू लाल त्रिवेणी राम इंटर कॉलेज, आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय कटेश्वर पार्क, जीआरएस इंटर कॉलेज, कंपोजिट स्कूल गांधीनगर आदि विद्यालयों के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कारवां फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव के संयोजन एवं रागिनी श्रीवास्तव के निर्देशन में प्रस्तुतियां हुई। पर्णिका श्रीवास्तव की टीम में रितिका, जया, निखिल, दीपा और श्वेता ने कजरी गीत गाकर और गरबा नृत्य का मंचन कर खूब वाहवाही लूटी। धनुषधारी चौबे, फैसल ने देवी गीत और हनुमान चालीसा का अद्भुत मंचन किया। पवन पांडेय, जूही पांडेय ने लोकगीत व भजनों की प्रस्तुति की।
इस मौके पर नीलम सिंह, राणा दिनेश प्रताप सिंह, मानवी सिंह आदि मौके पर मौजूद रहे।