बस्ती। शहर के मालवीय रोड पर बैरिहवा मोहल्ले में स्थित जमीन पर कब्जे के लिए शुक्रवार को दो पक्षों में तनातनी सामने आई। एक पक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचकर जमीन पर कब्जा करने लगा। दूसरे पक्ष के लोग विरोध करने लगे। उनका दावा है कि करीब सौ वर्ष से वे काबिज हैं। मगर पुलिस बल और भारी संख्या में कब्जा करने पहुंचे लोगों के डर से उनकी एक न चली। बताया जा रहा है कि जो परिवार उस जमीन पर पहले से काबिज है,उसके पास स्वामित्व का कोई प्रमाण नहीं है जबकि दूसरा पक्ष अभिलेखों के आधार पर अपनी दावेदारी कर रहा है। कोतवाल राना डीपी सिंह ने बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री जनता दर्शन में एक पक्ष प्रार्थनापत्र दिया था। जिसके बाद एडीएम व सीओ सिटी की टीम की मौजूदगी में पैमाइश कराई गई थी। दूसरा पक्ष कोई कागजात उपलब्ध नहीं करा पाया। कोतवाल ने बताया कि दूसरा पक्ष चाहे तो राजस्व विभाग से अपनी दावेदारी से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत कर सकता है। संवाद