शांति-व्यवस्था कायम रखने को पांच थानों की फोर्स तैनात
गांव के धार्मिक स्थलों पर अलग से पुलिस बल तैनात किए गए
बृहस्पतिवार रात लक्ष्मी प्रतिमा ले जाते समय दो पक्षों में हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली, बस्ती। थाना क्षेत्र के तिगोड़िया गांव के धार्मिक स्थल पर कथित तौर पर अबीर फेंकने को लेकर बृहस्पतिवार को हुए विवाद के दूसरे दिन शुक्रवार को भी तनाव का माहौल है। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पांच थानों की फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। धार्मिक स्थलों और लक्ष्मी पूजा पंडाल पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 15 नामजद व 10-15 अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया है। उनमें से 12 लोगों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से आठ आरोपियों को जेल भेज दिया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर विवाद करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
शुक्रवार सुबह रुधौली थाने की पुलिस के अलावा सोनहा, वाल्टरगंज, गौर, पेकोलिया थाने की महिला एवं पुलिस बल को गांव में तैनात कर दिया गया है। गांव के लोग सिर्फ जरूरत के अनुसार ही घरों से निकलते हुए देखने को मिले। घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग बातें बताई जा रही है। एक पक्ष का कहना है कि प्रतिमा काली जी के स्थान पर रखने के बाद वह लोग गांव के अन्य लोगों को पहुंचाने जा रहे थे। रास्ते में लाठी-डंडा लेकर खड़े दूसरे पक्ष के लोगों ने धार्मिक स्थल में अबीर फेंकने की बात कहकर मारपीट करने लगे। जबकि दूसरे पक्ष का आरोप है कि प्रतिमा रखने के बाद विपक्षी खुद आकर मारपीट करने लगे। पुलिस प्रशासन मामले की असलियत सामने लाने के प्रयास में जुटा है।
तिगोडि़या गांव में बृहस्पतिवार देर रात लक्ष्मी जी की प्रतिमा ले जाते समय एक धार्मिक स्थान पर अबीर पड़ जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद ईंट-पत्थर चलने लगे थे। इस मारपीट में पांच-छह लोग घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई और गांव को एपुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। एडीएम कमलेश चंद्र, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसडीएम शत्रुध्न मिश्र, सीओ प्रीति खरवार, प्रभारी निरीक्षक दिनेश चौधरी भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। डीएम अंद्रे वामसी, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने भी थाने पहुंचकर हालात का जायजा लिया था। रात में तीन बजे तक एएसपी गांव में डटे रहे।
घटना में रुधौली पुलिस ने अखिलेश यादव की तहरीर पर गांव के 15 नामजद और 10-15 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। उनमें से चार को एसडीएम न्यायालय से जमानत मिल गई। जबकि आठ आरोपियों को जेल भेज दिया गया। नामजद किए गए आरोपियों में अलीमुद्दीन, इजहार , इस्माइल, रियाज, तहसीन रजा, इब्राहिम, शोएब, जहांगीर आलम, आशिक अली , फिदा हुसैन, सफीउल्लाह, मुबारक अली, अतीकुर्रहमानएवं हाफिज शामिल हैं।
-
बजरंग दल ने की कार्रवाई की मांग
- बजरंग दल के लोगों ने शुक्रवार को जिला संयोजक मनमोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में रुधौली थाने पर पहुंचे। स्नेह पांडेय, राहुल पांडेय, गुड्डू विश्वकर्मा, कृष्ण शर्मा, ऋषभ श्रीवास्तव, अभिषेक भट्ट आदि ने घटना के संबंध में कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिला संयोजक ने कहा कि गांव में पहले हुए विवाद की घटना के बाद भी पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया।
-
धर्मगुरुओं ने की शांति कायम रखने की अपील
दीपोत्सव के उल्लासपूर्ण माहौल में दो पक्षों में खटास फैलाना किसी के भी हित में नहीं है। गांव व क्षेत्र के लोगाें से अपील है कि झगड़े को लेकर मन में कोई गांठ न बनाएं, बल्कि हंसी-खुशी के माहौल में पर्व की खुशियों में डूब जाएं।
- पंडित भरताचार्य पाठक
..
दीपावली बेशक हिंदुओं का त्योहार है, लेकिन किसी न किसी रूप में सभी धर्म के लोगों की भागीदारी होती है। ऐसो खुशनुमा माहौल में आपसी बैमनस्य फैलाना गैर जिम्मेदाराना हरकत है। अपील है कि बात जहां से शुरू हुई, वहीं खत्म कर दिया जाए।
- मौलाना हैदर मेहंदी
...
किसी को भी आपस की लड़ाई को धर्म के साथ जोड़ना नहीं चाहिए। अगर किसी से किसी बात पर मतभेद हो जाए तो उसे दूसरा रंग नहीं दिया जाना चाहिए। इतने महान त्योहार में झगड़ा-विवाद करके उसकी चमक कम करना गलत है।
फादर फ्रैंसिस, सेंट बेसिल्स चर्च
...
दीपावली रोशनी और हंसी-खुशी का पर्व है। इसमें किसी मामूली बात को लेकर तूल नहीं देना चाहिए। इससे समाज में गलत संदेश जाता है। रुधौली क्षेत्र के लोगों से अपील है कि वे संयम का परिचय देते हुए माहौल को खुशनुमा बनाए रखें।
- सरदार मंजीत सिंह