दुबौलिया (बस्ती)। दुबौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय किशोर को छत के कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। फंदे से उतारकर आनन-फानन युवक को सीएचसी दुबौलिया ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर एक माह पूर्व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था।
बताया जा रहा है कि 17 वर्षीय किशोर ने सोमवार की देर रात करीब साढ़े दस बजे अपने कमरे में छत के कुंडे में दुपट्टा बांधा और फांसी लगा ली। इसकी जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई, उसे नीचे उतारा और तत्काल एंबुलेंस से सीएचसी दुबौलिया ले जाया गया। लेकिन यहां पहुंचने से पहले उसकी मौत हो चुकी थी। किशोर दो भाई व चार बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसके पिता मेहनत-मजदूरी करते हैं। प्रभारी निरीक्षक दुबौलिया विनय कुमार पाठक ने बताया कि दिवंगत किशोर के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर एक माह पूर्व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ था। उसके पिता ने आरोप लगाया है कि जब से बेटे के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज हुआ था, तब से वह परेशान रहता था। मुकदमा दर्ज कराने वाले लड़की के पिता मुकदमे में सुलह के नाम पर धन की मांग कर रहे थे। नहीं देने पर जेल भेजवाने की बार-बार धमकी दे रहे थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एसओ विनय कुमार पाठक ने कहा कि मामले की असलियत जानने के लिए पुलिस जांच कर रही है।