संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के माध्यमिक स्कूलों मेंं कमजोर छात्र-छात्राओं का शिक्षा स्तर बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाने के लिए जल्द ही व्यवस्था कर ली जाएगी।
इसके लिए ऐसे विद्यार्थियों का चयन किया जा रहा है, जिन्हें विषय समझने में परेशानी होती है। इस व्यवस्था से पढ़ाई में कमजोर बच्चे भी बेहतर तरीके से विषयों को समझकर पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए विषयवार शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिले में 23 राजकीय, 70 वित्त पोषित व 308 वित्त विहीन स्कूल हैं।
इनमें 1.5 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को अन्य बच्चों के बराबरी में लाने के लिए नया प्रयास शुरू किया जा रहा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने डीआईओएस को पत्र भेजकर इस बाबत निर्देश दिए है।
अतिरिक्त कक्षाओं के लिए कक्षा नौ व 10 के लिए विज्ञान, गणित, हिंदी व अंग्रेजी विषय को शामिल किया गया है। जबकि कक्षा 11 व 12 के लिए गणित, अंग्रेजी, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान व जीव विज्ञान विषय की पढ़ाई कराई जाएगी।