बस्ती। शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई है। जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर 26 नवंबर से बीएसए कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और अनशन शुरू किया जाएगा। कहा कि 20 नवंबर से पहले पदोन्नति आदेश जारी करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची भी जारी कर दी गई। शिक्षकों को उम्मीद थी कि काउंसिलिंग पूरी होने के बाद पदोन्नति आदेश जारी हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिला मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला संयुक्त मंत्री राजकुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष अभय सिंह यादव, सदर अध्यक्ष शैल कुमार शुक्ल, रीता शुक्ला, प्रदीप मिश्रा, मंजेश और रवि प्रताप यादव मौजूद रहे।