बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने 15 सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को धनतेरस के दिन जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में धरना दिया। सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक संजय शुक्ल और बीएसए अनूप कुमार तिवारी के आश्वासन पर धरना 19 नवंबर तक स्थगित कर दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति, प्रभारी प्रधानाध्यापकों के वेतन भुगतान, अनियमित जीआईएस कटौती की वापसी और नगर क्षेत्र की वरिष्ठता सूची जारी करने सहित कई मांगें लंबित हैं। ज्ञापन और आंदोलन के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 19 नवंबर तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं हुआ तो 20 नवंबर से बीएसए कार्यालय के सामने अनशन शुरू होगा। संचालन कैलाशनाथ ने किया। संवाद