बस्ती। काउंसिलिंग से पदोन्नति की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय पर अनशन शुरू कर दिया। जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में पांच पदाधिकारी अनशन पर बैठे। स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। अनशन पर मारूफ खान, कृष्ण बिहारी पांडेय, नवीन कुमार चौधरी, रवि प्रताप सिंह और रीता शुक्ला बैठे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पदोन्नति शिक्षकों के सम्मान और भविष्य से जुड़ा सवाल है। काउंसिलिंग के माध्यम से पदोन्नति का आदेश जारी नहीं होने तक अनशन समाप्त नहीं होगा। जरूरत पड़ी तो इसे आमरण अनशन में बदला जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बिचौलिए पदोन्नति प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं। राघवेंद्र प्रताप सिंह, अभय सिंह यादव, शिवम शुक्ला, कन्हैया प्रसाद भारती और सौरभ तिवारी सहित अन्य शिक्षकों ने मांग का समर्थन करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। जिला प्रवक्ता सूर्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि अनशन में बड़ी संख्या में शिक्षक और संगठन पदाधिकारी शामिल रहे। संवाद