बस्ती। पदोन्नति आदेश जारी न होने से नाराज उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने एक दिसंबर से बीएसए कार्यालय पर बेमियादी धरने की चेतावनी दी है। बुधवार को प्रेस क्लब सभागार में जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षकों ने बीएसए पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बीएसए ने 20 नवंबर तक पदोन्नति आदेश जारी करने का आश्वासन दिया था लेकिन अब त्रुटिपूर्ण वरिष्ठता सूची जारी कर ब्लॉक स्तर पर काउंसिलिंग कराने का निर्देश दिया है। इससे प्रक्रिया फिर उलझ गई है। उन्होंने 30 नवंबर तक वरिष्ठता सूची की विसंगतियां दूर कर पारदर्शी तरीके से पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग की। अन्यथा एक दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा। बैठक में मुख्य जिला मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, आनंद दूबे, राजकुमार सिंह, शैल कुमार शुक्ल, अंबिका पांडेय मौजूद रहे। संवाद