बस्ती। डीआईओएस संजय सिंह के निर्देशन में जीआईसी में सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता माह मनाया गया। इस दौरान शिक्षकों और छात्रों ने सामूहिक रूप सड़क सुरक्षा की शपथ ली। बाद में रैली निकालकर आमजन को सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया। प्रधानाचार्य डॉ. विजय प्रकाश वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा के मूल मंत्र के साथ इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के हम सभी यातायात नियमों के प्रति सचेत रहने की जरूरत है। हम लोगों को चार पहिया वाहनों को सीटबेल्ट लगाकर, दो पहिया वाहनों को हेलमेट पहनकर व गति सीमा को ध्यान में रखकर सही दिशा में ही गाड़ी चलाना चाहिए। ड्राइविंग के समय मोबाइल फोन व नशीले पदार्थों जैसे ध्यान भटकाने वाले वस्तुओं का प्रयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर सुरक्षा नियमों का पालन करना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह जीवन बचाने के बराबर है। क्योंकि जीवन ही सबसे अनमोल है। सड़क सुरक्षा के नोडल शिक्षक अजय कुमार सहित अन्य शिक्षक व छात्र मौजूद रहे।