11 महीने से मशीन खराब, टीबी की जांच प्रभावित
- मशीन के चारों मॉड्यूल खराब, अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। टीबी क्लीनिक में लगी सीबी-नॉट मशीन करीब 11 माह से खराब है। ऐसे में सीएचसी हर्रैया में स्थापित मशीन से जिले भर के मरीजों की जांच चल रही है। कंफर्मेटरी टेस्ट के नमूनों की प्रतीक्षा सूची हर्रैया में बढ़ती जा रही है।
टीबी क्लीनिक में 2014 में सीबी-नॉट मशीन स्थापित की गई थी। इसके चारो मॉड्यूल खराब होने के कारण मशीन बंद पड़ी है। अस्पताल कर्मी बताते हैं कि मशीन की मरम्मत शासन स्तर से कराई जानी है। इसके लिए राज्य स्तर पर अभी तक ठेका नहीं हुआ है। जब मशीन चल रही थी तब 16-24 जांच प्रतिदिन होती थी। इस समय केवल हर्रैया में सीबी-नॉट मशीन चल रही है, उस पर जिलेभर की जांच का दबाव है। यहां दो शिफ्ट में 21-22 जांच ही हो पा रही है।
कंफर्मेटरी जांच के लिए टीबी क्लीनिक, दुबौलिया, कैली में ट्रूनॉट मशीन लगी है, लेकिन चिप न होने से सभी मशीनें बंद पड़ी हैं। शासन स्तर से चिप की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है।
डीटीओ डॉ. एके मिश्र ने बताया कि चिप की व्यवस्था कराकर ट्रूनॉट मशीन संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि जांच सुगमता से होनी शुरु हो जाए। सीबी-नॉट मशीन की मरम्मत कराने के लिए शासन से हाल ही में फिर पत्राचार किया गया है।