बस्ती। पदोन्नति प्रक्रिया न होने के खिलाफ प्राथमिक शिक्षकों का धरना बीएसए कार्यालय पर दूसरे दिन जारी रहा। आंदोलनकारियों ने इसके लिए बीएसए को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि वे शासनादेश का खुला उल्लंघन कर रहे हैं। प्रत्यावेदन के बावजूद बीएसए ने अब तक एक भी प्रमोशन नहीं किया।धरने में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने कहा कि 28 मार्च को सचिव की ओर से पदोन्नति की कार्यवाही एक माह के अंदर करने का आदेश दिया था। लेकिन धनादोहन के लिए पदोन्नति सूची जारी नहीं की जा रही है। जबकि लगभग आठ सौ पद विभाग में रिक्त चल रहे हैं। जिला मंत्री शांतिभूषण नाथ त्रिपाठी ने कहा कि बीएसए शासनादेश का पालन नहीं कर रहे हैं। बीएसए शिक्षकों का आर्थिक शोषण करना चाहते है। इसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। कहा कि पदोन्नति की सूची जारी होने तक धरना चलता रहेगा। धरने को शिवरतन, सुरेश गौड़, दुर्गेश यादव, सनत पटेल, गौरव शाडिल्य, बृजेश पांडेय, अमित मिश्रा नवीन श्रीवास्तव, धनीश त्रिपाठी, दिनेश यादव आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर अनीस अहमद, अशोक यादव, सुरेश गौड़, अर्चना गुप्ता, ज्योति मिश्रा, सुनील, बबिता, सरोज, मिथलेश, रोमी, अन्नू सहित तमाम प्राथमिक शिक्षक मौजूद रहे।