संदिग्ध डेंगू से पीड़ित युवक की मौत
परशुरामपुर। क्षेत्र के सुकरौली पांडेय गांव में संदिग्ध डेंगू से पीड़ित युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
क्षेत्र के सुकरौली पांडेय गांव निवासी अभिषेक पांडेय (22) की तबीयत 20 अक्तूबर को खराब हुई। उन्हें तेज बुखार के साथ शरीर में दर्द था। परिवार के लोगों ने अभिषेक को श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या में भर्ती कराया।। परिजनों के मुताबिक, जांच के बाद पता चला कि अभिषेक डेंगू से पीड़ित है। यहां रिपोर्ट में डेंगू आने के बाद अभिषेक को परिजनों ने विवेकानंद हॉस्पिटल लखनऊ में भर्ती कराया।
23 अक्तूबर को अभिषेक की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ पहुंचा दिया गया। अभिषेक के भाई विपिनेश ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में प्लेटलेट्स कम होने लगा, जिससे उनके भाई बेहोश हो गए। इलाज के बाद 26 अक्तूबर को अभिषेक की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को अभिषेक का अंतिम संस्कार मनोरमा तट के सरौना घाट पर किया गया। पिता हर्ष पांडेय ने बेटे को मुखाग्नि दी।
सीएमओ के कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ. आरके हलदार ने बताया कि डेंगू से मौत की सूचना मिली है, मगर अभी लखनऊ से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। परशुरामपुर के एमओआईसी को सत्यापन के लिए मौके पर भेजा जा रहा है। वैसे टीम भेजकर गांव में निरोधात्मक कार्रवाई व छिड़काव आदि कराया जाएगा।