आज गोरखपुर से चलेगी अयोध्या पैसेंजर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। गर्मी की छुट्टियों में लोग बड़े शहरों से बच्चों की छुट्टी बिताने गांव आते हैं। ऐसे में एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। यात्रियों को सहूलियत देने के लिए रेलवे बोर्ड ने ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। वहीं भटनी जंक्शन से अयोध्या जाने वाली पैसेंजर ट्रेन शुक्रवार को गोरखपुर से अयोध्या के बीच चलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रामनवमी पर्व के चलते अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भटनी जंक्शन से चलकर गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर, कटरा के रास्ते अयोध्या धाम को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को पहले दो दिन बस्ती से अयोध्या धाम तक चलाया गया, लेकिन यात्रियों की भीड़ के चलते पैसेंजर ट्रेन को शुक्रवार को गोरखपुर से अयोध्या के बीच चलाया जाएगा।
रेलवे बोर्ड ने एक और ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जो सहरसा से चलकर बरौनी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा, सिवान, देवरिया, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा के रास्ते नई दिल्ली को जाएगी। इसके साथ ही अयोध्या में बढ़ती भीड को देखते हुए 19 अप्रैल तक अयोध्या-भटनी पैसेंजर को गोरखपुर तक चलाया जाएगा। ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन में कुल अनारक्षित श्रेणी के 18 कोच लगाए जाएंगे।