सड़क दुर्घटना में गन्ने का रस विक्रेता की मौत
दुबौलिया (बस्ती )। रामजानकी मार्ग पर चिलमा कस्बे में गन्ना जूस बेच रहे युवक चार पहिया वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया, जिसकी जिला अस्पताल में शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर करीब एक बजे चिलमा परसन गाव निवासी गणेश प्रजापति (38) रोज की भांति चिलमा कस्बे में सड़क किनारे गन्ने का रस बेच रहे थे। दुबौलिया की तरफ से कलवारी जा रहे वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया जिससे गणेश प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि उसी वाहन से गणेश को इलाज के लिए सीएचसी कलवारी ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शाम को मौत हो गई।