लुंबिनी-दुद्धी मार्ग के किनारे बने नाले से नीचे है परिसर
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरपुर। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कुसौरा बाजार स्थित विद्युत उपकेंद्र कलवारी परिसर व मशीनों के बीच दो फीट तक पानी भर गया है। इससे शुक्रवार रात करीब 11:33 बजे से आपूर्ति ठप है।
इस उपकेंद्र से कुसौरा, कलवारी, खखोड़ा, चकदहा, दौलतचक, गौरिया, फेटवा, डिंगरापुर, कोरमा, बबुरहिया, भोयर, तुरकौलिया, पड़री, शेखपुरा, कम्हरिया, बेइली, खलीलपट्टी, गौसपुर, बेनीपुर आदि 136 गांवों के 18 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की आपूर्ति मिलती है।
शनिवार को करीब 12 बजे निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिशाषी अभियंता रामनरेश ने बताया कि उपकेंद्र काफी पहले बना था। उसके बाद जब सड़क बनी तो परिसर नीचा हो गया। ज्यादा बारिश होने पर परिसर में पानी भर जाता है। बृहस्पतिवार से हो रही बारिश के कारण जब परिसर में पानी भर गया तो शुक्रवार की रात 11ः35 बजे सुरक्षा की दृष्टि से आपूर्ति बंद कर दी गई।
अवर अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि इस समय परिसर व मशीनों के बीच करीब दो फीट पानी भर गया है। सड़क के किनारे बने नाले से ऊपर पानी बह रहा है। जब कम होगा परिसर से पानी निकलवाया जाएगा। उसके बाद ही आपूर्ति बहाल हो पाएगी।