छात्र लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के चेतरा गांव से शुक्रवार सुबह विद्यालय जाने के लिए निकले 13 वर्षीय छात्र के घर वापस न पहुंचने पर उसके पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।
पैकोलिया थानाक्षेत्र के चेतरा गांव निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र छेदीलाल ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका 13 साल का पुत्र अमन वर्मा साइकिल से शुक्रवार की सुबह करीब 8.30 बजे स्कूल के लिए निकला, मगर वापस घर नहीं लौटा।
पिता के अनुसार, बेटे की साइकिल क्षेत्र में स्थित एक किराना स्टोर के निकट खड़ी मिली है। थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। बच्चे की तलाश की जा रही है।