बस्ती। शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज गेट पर आमरण अनशन कर रहे छात्रों से मिलने सोमवार शाम को सदर एसडीएम विनोद कुमार पांडेय मय टीम पहुंचे। उन्होंने छात्रों को मनाने का प्रयास देर शाम तक किया, लेकिन, छात्र कुछ सुनने को तैयार नहीं हुए। चुनाव तिथि की लिखित में मांग कर रहे छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लेते हुए 151 में चालान कर दिया।
एडीएम ने छात्रों को बताया कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर अभी तक शासन से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ। ऐसे में प्रशासन चुनाव कराने का लिखित आश्वासन और तिथियों की घोषणा नहीं कर सकता है। वह अनशन समाप्त कर घर लौट जाएं, लेकिन, छात्र चुनाव की तिथियों की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। माहौल बिगड़ता देख कोतवाली पुलिस ने अनशन पर बैठे आयुष पांडेय, आनंद त्रिपाठी, अनीश यादव, अनुराग तिवारी, आनंद दुबे, सचिन दुबे व रवि यादव को हिरासत में लेते हुए कोतवाली ले गई। जहां 151 में उनका चालान कर दिया, जबकि अनशन पर बैठे छात्र आदर्श पांडेय को अस्पताल पहुंचाया।
कोतवाल ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए छात्रों का चालन किया गया है।
प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव करने के लिए शासन से अभी तक कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। छात्रों को समझाने का काफी प्रयास किया गया लेकिन वह कुछ सुनने का तैयार नहीं हैं। ऐसे में पुलिस की सहायता से उनका अनशन समाप्त कराया गया।
-विनोद कुमार पांडेय, एसडीएम, सदर।
-