घटना स्थल पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस
बस्ती। शादी के निमंत्रण में कप्तानगंज क्षेत्र के रखिया गांव में आए अरविंद को न जाने क्या सूझी कि चार साल के मासूम को बाइक पर बैठाकर फुल्की-चाट खिलाने चल पड़े। जबकि शादी समारोह में तरह-तरह के पकवान और नाश्ते का भरपूर प्रबंध था। मानो उन्हें मौत सड़क पर बुला रही हो। साथ गए दिनेश कुमार ने बताया कि उससे भी बोले कि चलो अभी घूमकर आते हैं। तीनों लोग गांव से निकलकर सड़क पर आकर जैसे ही दक्षिण तरफ मुड़े तभी बेकाबू बोलेरो ने पीछे से चपेट में ले लिया। बाइक में फंसकर मासूम सड़क पर 50 मीटर तक घिसटता रहा।
हादसे में जान गंवाने वाले हर्रैया थाने के शेरवाडीह गांव के अरविंद कुमार पुत्र अमृतलाल सउदी अरब में रहते थे। कुछ दिन पहले ही वह घर आए थे। रिश्तेदारी में लड़की की शादी में शामिल होने के लिए रविवार को दोपहर में वह अपने भतीजे सचिन को लेकर कप्तानगंज थाने के रखिया गांव में सुनील के घर आए थे। वहां पर चारों तरफ मांगलिक माहौल था और सभी लोग अपने-अपने में व्यस्त थे। इसी बीच वह दिनेश और कार्तिक को लेकर सड़क पर निकल आए। जहां मानो मौत दोनों का इंतजार कर रही थी।
बोलेरो की टक्कर लगते ही पीछे बैठे दिनेश दूर जा गिरे। मगर मासूम कार्तिक और अरविंद बाइक में फंसे रह गए। कुछ दूर जाकर अरविंद भी छिटकर दूसरी तरफ गिर गए। कार्तिक लगठग 50 मीटर तक घिसटते चला गया। जिससे उसके सिर के चीथड़े उड़ गए। दोनों के सड़क के किनारे गिरने के बाद बाइक में आग लगी और जलने लगी। सीओ कलवारी विनय कुमार चौहान ने बताया कि मासूम की मौत मौके पर ही हो गई थी। जबकि अरविंद ने सीएचसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
बरातियों को लेने जा रही थी बोलेरो
बताया जा रहा है कि बोलेरो नगर थानाक्षेत्र के पोखरा बाजार से बरात उठाने जा रही थी। इसीलिए उसे पहुंचने की जल्दी थी। वहां सड़क भी सकरी है। इसी हड़बड़ी में बाइक बोलेरो की चपेट में आ गई। टक्कर होते देख आसपास मौजूद लोग चिल्लाने लगे लेकिन बोलेरो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। लोगों का कहना है कि अगर उसने गाड़ी रोक दी होती तो शायद दोनों की जान बच जाती।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस