कप्तानगंज(बस्ती)। कप्तानगंज क्षेत्र के सेंठा गांव में दो माह पहले हुई मां-बेटी हत्याकांड में फरार 50-50 हजार के इनामी आरोपी कौशल चंद और उनकी पत्नी रंजना की तलाश में एसटीएफ ने दिनरात एक कर दिया है। उसके कई रिश्तेदारों के घर पुलिस दबिश दे रही है। प्रयागराज में कौशल चंद की ससुराल में भी एसटीएफ पहुंची, मगर वहां ताला लटका मिला। बस्ती के फेटवा, पचारी, बैजलपुर, करहली, सिद्धार्थनगर, गोंडा, प्रयागराज, लखनऊ, गाजियाबाद, दिल्ली, मुबई, गुजरात सहित कई अन्य ठिकानों पर पुलिस पहले ही छापेमारी कर चुकी है। केस की पैरवीकार सरिता दुबे ने बताया कि फरार कौशल और उनकी पत्नी रंजना उपाध्याय उर्फ मंजिल की गिरफ्तारी न होने से परिवार को खतरा बना हुआ है। चार दिसंबर को सेंठा गांव की 58 वर्षीय गोदावरी और उसकी 24 वर्षीय बेटी का घर के कमरे में 90 फीसदी जला हुआ शव मिला था। इस केस में गोदावरी के सगे बेटे, सौतेले बेटे, जेठ-जेठानी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। संवाद