बस्ती। जिले की छावनी थाना क्षेत्र में शनिवार को तब सनसनी फैल गई, जब एसटीएफ की टीम ने दो वाहनों में सवार टीम दो अन्य लग्जरी वाहनों से पहुंचे दस लोगों को दबोच लिया। इन्हें लेकर टीम पहले थाने में गई। यहां करीब आधा घंटे रुकने के बाद टीम लखनऊ चली गई। हालांकि पुलिस यह नहीं बता पा रही है कि जिन लोगो को एसटीएफ ने दबोचा है वह कौन लोग थे और कहां से यहां पहुंच गए।
शनिवार की सुबह 8.45 बजे के करीब स्पेशल टास्क फोर्स की 2 गाड़ियां अचानक छावनी थाना पर पहुंची। उन लोगों ने छावनी पुलिस के साथ हाइवे पर छावनी कस्बे के मस्जिद के सामने घेराबंदी कर लिया। इस बीच बस्ती की तरफ से आ रही लखनऊ के नम्बर प्लेट की काले रंग की स्कार्पियो में सवार 4 जबकि इसके पीछे चल रही दूसरी लग्जरी कार में सवार छह लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों व गाड़ियों को लेकर पुलिस टीम लखनऊ चली गुई। दिनदहाड़े हुई इस गिरफ्तारी की चर्चा पूरे दिन छावनी में होती रही।
थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने कहा कि एसटीएफ आई थी और दस लोगो को हिरासत में लेकर चली गई। यह कौन लोग थे और इन्हें एसटीएफ ने कैसे ट्रेस किया। यह संज्ञान में नहीं है। टीम थोड़ी देर के लिए यहां आई थी।