फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: तपती डगर पर छालों से जूझते कदम... थकते मन पर ''बोल बम'' का मरहम

Wed, 31 Jul 2024 03:14 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
कप्तानगंज के पास डीजे की धुर पर ​थिरकते कांवड़िये।
विज्ञापन
- अयोध्या-बस्ती हाईवे पर शिवभक्तों का रेला, बोल बम के नारे की गूंज दे रही कांवाड़ियों का ऊर्जा
विज्ञापन

- सांसारिक संसाधनों से दूर नंगे पांव भक्ति का सफर, बारिश न बदली - मौसम भी ले रहा कड़ी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेेंसी
बस्ती। अयोध्या से बस्ती के बीच हाईवे भगवा मय हो चला है। भगवान शिव के अभिषेक के लिए जल लेने के लिए निकले कांवड़िये जत्थे में तब्दील हो रहे हैं। बदन को झुलसाती सूरज की तपिश के साथ ही तपती पथरीली सड़क पर पांवों में छाले उभरने लगे हैं। छालों से जूझते कदम बढ़ते जा रहे हैं। कदमों के साथ मन भी थकता है, इसी बीच बोल बम का नारा गूंजता है और कांवड़िया फिर उत्साह से लबरेज होकर सफर में आगे बढ़ जाता है। बोल बम के नारे से कांवड़िये एक दूसरे का उत्साह बढ़ाते नजर आ रहे हैं।
बुधवार तक 80 किमी लंबा अयोध्या-बस्ती हाईवे कांवड़ियों से भर जाएगा। गेरूआ वस्त और कंधे पर सरयू के पवित्र जल से लबालब भरी कांवड़ है। पीठ पर भगवा झोला है। सांसारिक संसाधनों से कोई नाता नहीं, नंगे पांव बढ़ते जा रहे हैं। कंकरीली-पथरीली राह पर चलते-चलते पांवों में छाले पड़ने लगे हैं। सूर्य की तपिश ने भक्ति की इस परीक्षा को और कठिन बना दिया है। मगर, शिवभक्तों की अटूट श्रद्धा सिर चढ़कर बोल रही है।
विज्ञापन

मुक्त कंठ से निकल रही बोल बम की आवाज ही संजीवनी बन गई है। बोझिल पैरों से आस्था की राह हर कोई नाप रहा है। राम की सरयू अनगिनत कंधों पर सवार होकर बाबा के दरबार पहुंच रही है। श्रावण शिवरात्रि के दिन शिवभक्त सरयू के जल से भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु ज्यों-ज्यों अयोध्या से बस्ती की तरफ बढ़ रहे हैं नजारा दिव्य बनता जा रहा है।

000
जगह-जगह शिविर का आयोजन
सोमवार को कांंवड़ उठाने वाले श्रद्धालु मंगलवार की शाम तक 35 किमी की दूरी तय कर हर्रैया तहसील मुख्यालय पहुंचे। इनका अगला डेरा अमहट पर होगा। मंगलवार को कांवड़ यात्रा शुरू करने वाले बुधवार तक हर्रैया पहुंचेंगे। इस तरह अगले 24 घंटे में बस्ती से अयोध्या तक कांवड़ियों की लंबी शृंखला तैयार होगी। सामाजिक संस्थाओं ने जगह-जगह राहत शिविर का आयोजन किया है। कांवड़ियों को मदद पहुंचाई जा रही है। कुछ श्रद्धालु पांव में छाले पड़ने से मरहम, पट्टी कराने के बाद फिर से यात्रा में शामिल हो रहे हैं। असहनीय दर्द के बाद भी इनके कदम बढ़ते जा रहे हैं। बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम से लेकर अयोध्या तक पूरा मार्ग देवघर बनने काे आतुर है।
...
भजनाें की बौछार में धुल रही थकान
कांवड़ मार्ग शिवमय हो चला है। देवाधिदेव का रास्ते भर जयगान हो रहा है। यात्रा में आकर्षक झांकियां लेकर चल रहे पिकअप और टैक्टर-ट्राॅली पर लगे म्यूजिक सिस्टम भक्ति के उत्सव में चार चांद लगा रहे हैं। रास्ते भर शिवभजनों की बौछार हो रही है। श्रद्धालु भजन गीतों पर थिरकते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इन गीतों पर ध्यान लगाते ही थकान दूर हो जा रही है। इस तरह भोले के वशीभूत श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए यात्रा पूरी कर रहे हैं।
...
महिलाएं और बच्चे भी शामिल
भोले बाबा बड़े दयालु है, जिनकी मन्नत पूरी हुई है वह भी इस बार कांवड़ उठाए हैं। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। देईसांड़ की प्रमिला बताती है कि बाबा की कृपा से संतान की प्राप्ति हुई है। इसलिए इस बार कांवड़ उठाया है। 13 साल के प्रिंस की मां रिंकी ने बताया कि उनके बेटे की तबीयत खराब हो गई थी। अब वह ठीक हो गया है। बाबा ने मनौती पूरी कर दी। इस बार बेटे के साथ बाबा के दरबार में कांवड़ लेकर पहुंचने का अरमान है।
विज्ञापन

...
होटल, ढाबों पर कांवड़ियों की भीड़
गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर आवागमन बंद है। फिर भी होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट चालू हैं। यहां कांवडि़यों की भीड़ जुट रही है। घघौआ से लेकर बस्ती तक इन कारोबारियों में उत्साह बढ़ा हुआ है। सामान्य दिनों की अपेक्षा इनके यहां बिक्री ज्यादा हो गई है। बिना लहसुन, प्याज के व्यंजन अधिकतर जगह परोसे जा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें