अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक को भेजा 30 लाख रुपये के मशीनों का प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महिला अस्पताल के पैथाेलॉजी में जांच की सुविधा को और बेहतर बनाने की पहल हुई है। पुरानी और कम क्षमता वाली मशीनों के कारण मरीजों को जांच के लिए परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन यह परेशानी जल्द दूर होगी। इसके लिए नई मशीनों का प्रस्ताव भेजा गया है।
मशीनें पुरानी होने से क्षमता से अधिक कार्य लेने और लगातार चला देने पर बीच-बीच में रुक जा रही हैं। इससे मरीजों को समय से रिपोर्ट नहीं प्राप्त हो पाता है। उन्हें दूसरे दिन या फिर काफी इंतजार करना पड़ता है। इस संकट को खत्म करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने पैथोलॉजी में खून से संबंधित जांच के लिए चार नई मशीनों का करीब 30 लाख रुपये का प्रस्ताव महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को भेना है। मशीनें प्राप्त होने पर जांच की गति बढ़ेगी और गुणवत्ता भी ठीक होगी।
...
महिला अस्पताल में 300 से अधिक होती है ओपीडी
महिला अस्पताल में जिले के अलावा सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोंडा और आंबेडकरनगर तक के मरीज आते हैं। वर्किंग डे में 300 से अधिक ओपीडी होती है। इमरजेंसी में रोजाना 20 से 30 मरीज परामर्श और उपचार के लिए आते हैं। इनमें से 200 से अधिक मरीजों को ब्लड जांच के लिए परामर्श दिया जाता है। मशीनें पुरानी और कम क्षमता के होने से एक साथ इतनी संख्या में मरीजों की जांच नहीं हो पाती। बमुश्किल 100 जांच ही हो पाती है। शेष को बाहर जाना पड़ता है।
...
एक एसएलटी के भरोसे 100 से अधिक जांच
महिला अस्पताल में एक एसएलटी के भरोसे 100 से अधिक जांच की जिम्मेदारी है। इससे ठीक प्रकार से रिपोर्टिंग नहीं हो पाती। कभी-कभी जांच रिपोर्ट देने में भी लापरवाही हो जाती है। यदि यहां एलटी की संख्या बढ़े तो जांच की गुणवत्ता सुधर जाएगी।
...
इन मशीनों का भेजा गया प्रस्ताव
महिला अस्पताल में अभी एक फुली बॉयोकेमिस्ट्री मशीन है। इसके अलावा इलेक्ट्रोलाइट विश्लेषक मशीन, हार्मोन एनालाइजर मशीन और सीबीसी फाइव पार्ट जांच मशीन के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। यह जांच मशीन आने से थायराइड की भी जांच शुरू हो जाएगी। अभी यह जांच यहां नहीं होती। गर्भवती महिलाओं को बाहर जाकर जांच करानी पड़ती है।