पत्नी की विदाई नहीं होने से रेलवे ट्रैक पर दौड़ने लगा
टिनिच (बस्ती)। बुधवार दोपहर टिनिच रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट के बगल में मोटरसाइकिल खड़ी करके युवक रेलवे ट्रैक पर दौड़ लगाने लगा। गनीमत रही कि उस समय कोई ट्रेन नहीं गुजरी। यह देख गेटमैन ने फौरन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को पकड़ कर चौकी पर ले गई। पूछताछ में पता चला कि मायके में रह रही पत्नी की विदाई न होने से क्षुब्ध होकर वह आत्महत्या करने जा रहा था।
चौकी प्रभारी रामभवन प्रजापति ने बताया कि कप्तानगंज थाना के बैदोलिया गांव निवासी युवक अपनी पत्नी की विदाई न होने से क्षुब्ध था। पुलिस ने उसके घर कॉल करके उसके पिता को बुलाया। पिता ने बताया कि सोनू की शादी तीन वर्ष पहले रूधौली थाना के खम्हरिया पूरब गांव में हुई थी। एक वर्ष से उसकी विदाई नहीं हो रही है। युवक के मुताबिक, उसके पिता की तबीयत खराब चल रही है।
उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। इससे वह मानसिक रुप से बहुत परेशान था। पुलिस ने उसके ससुर से बात करके समझाया। उसके बाद उन्होंने दो दिन बाद विदाई करने की हामी भरी। तब युवक अपने पिता के साथ घर गया।