बस्ती। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर एवं जूनियर बालक व बालिका वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता 25 अगस्त से शुरू हो रही है। जिले में भले ही कुश्ती का प्रशिक्षण न दिया जाता हो फिर भी खिलाड़ी बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर व देवरिया में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जाएंगे। मंडल स्तरीय टीम के गठन की खेल विभाग घोषणा कर चुका है।
खेलों को लेकर शासन की कवायद जिले में भले ही परवान नहीं चढ़ रही है, लेकिन इससे खिलाड़ियाें के आत्मविश्वास नहीं डिग रहे हैं। वह अपनी रुचि के अनुसार लगातार स्वअभ्यास से उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। स्टेडियम में स्थापित कुश्ती अखाड़ा प्रशिक्षक के इंतजार में बदहाल हो चुका है। एक दशक से कुश्ती का कोई खेल प्रशिक्षक जिले में तैनात नहीं किया गया। इसके बावजूद पहलवान प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के लिए स्टेडियम में 21 अगस्त से चयन ट्रायल शुरू होगा, जिसमें चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
-
लंबे समय से खेल निदेशालय की ओर से जिले में कुश्ती प्रशिक्षक की तैनाती नहीं हुई, लेकिन तमाम खिलाड़ी स्टेडियम में स्थित अखाड़े में अभ्यास करने आते हैं। खिलाड़ियों की इच्छा पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
-संजय शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी।
-