जमीन का पूजन करते एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी। संवाद
गौर। सहकारी गोदाम में चल रहे थाना गौर के पुलिस कर्मियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द उन्हें नए प्रशासनिक भवन मिलने वाला हैं। इसके लिए शुक्रवार को एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश ने गौर-टिनिच मार्ग पर बेलहिया पावर हाउस के बगल नए थाना भवन के लिए भूमि पूजन के साथ शिलान्यास कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।
वर्ष 1997 में गौर के नाम से सहकारी गोदाम के दो कमरों में थाना खोला गया। तभी से इस भवन में अभी तक थाना चल रहा है। 26 वर्ष से जमीन के अभाव में गौर थाने का निर्माण नहीं हो पा रहा था। लेकिन शासन के निर्देश पर राजस्व और पुलिस कर्मियों ने बेलहिया पावर हाउस के बगल सरकारी भूमि को खोज निकाला है। जिस पर अब नए थाना प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य चालू हो गया है। गौर में ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों को खुद का भवन मिलेगा। जहां उनके लिए प्रशासनिक कार्यालय के अलावा 16-16 कमरों के टाइप ए और टाइप बी आवास बनाए जाएंगे। इसके साथ ही विवेचकों के लिए विवेचना कक्ष का निर्माण भी होगा। जहां विवेचक आराम से बैठकर लिखा-पढ़ी कर सकेंगे।
वाहन खड़ा करने के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था बनाई जाएगी। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि पुलिस हेडक्वार्टर से बजट स्वीकृत हो गया है। नए थाना प्रशासनिक भवन पर 5 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। भवन निर्माण का जिम्मा पुलिस आवास विकास निगम को दी गई है। जिसे लगभग एक वर्ष में पूरा करना होगा।