बस्ती। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को सांप काटने से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं प्रबंधन के लिए विशेष स्नेक बाइट मिटिगेशन एवं प्रशिक्षण अभियान शुरू हुआ। सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान और जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने शासन स्तर से जारी निर्देशिका का विमोचन किया। सीडीओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा ऋतु एवं फसल कटाई के समय सांप काटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में जनजागरूकता, प्राथमिक उपचार का ज्ञान तथा चिकित्सकीय प्रबंधन आवश्यक है। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सांप के काटने पर घबराने के बजाय सही प्राथमिक उपचार अपनाने के लिए जागरूक करना है। स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों एवं एएनएम/अस्पताल स्टाफ को प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे त्वरित एवं वैज्ञानिक तरीके से उपचार प्रदान कर सकें। अभियान के अंतर्गत आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन के नेतृत्व में 21 चिकित्सीय प्रशिक्षु प्रतिभागी राज्य स्तर पर आयोजित अर्ध-चिकित्सकीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह प्रशिक्षण 31 अक्तूबर को पंचायती राज निदेशालय प्रशिक्षण केंद्र, लोहिया भवन, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इसमें सांप काटने की पहचान एवं सही उपचार विधि की जानकारी देने के साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में त्वरित प्राथमिक सहायता व्यवस्था को सशक्त बनाने की पहल की जाएगी। सीडीओ ने कहा कि यह अभियान केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे जुड़ी जागरूकता रैलियां, विद्यालय कार्यक्रम और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। संवाद