गौर थाना क्षेत्र के छितहा गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान, बस्ती । गौर थानाक्षेत्र के छितहा गांव में बिस्तर पर सो रहे वृद्ध का गला रेत कर मौत के घाट उतार देने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना के समय दिवंगत की बहू कुछ दूरी पर अलाव ताप रही थी। बहू का कहना है कि कंबल ओढ़ कर आए किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे धक्का देकर उसके ससुर को मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक गौर उपेंद्र कुमार मिश्रा चौकी प्रभारी बभनान धर्मेंद्र कुमार तिवारी सहित मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गए।
सोमवार की देर रात 7:30 बजे करीब गौर थाना क्षेत्र के छितहा निवासी 75 वर्षीय रामकुमार यादव पुत्र मातारम यादव अपने घर के कुछ दूरी पर स्थित छप्पर में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर आराम कर रहे थे ।इसी बीच उन्हें नींद आ गई। मौके पर उनकी बहू सावित्री पत्नी जगराम भी मौजूद थी और अलाव ताप रही थी बकौल सावित्री इसी बीच कंबल ओढ़कर डरावना रूप बनकर आया व्यक्ति उसे धक्का देखकर गिरा दिया इस बीच बिस्तर पर सो रहे उनके ससुर के रामकुमार के गर्दन के अगले हिस्से में किसी धारदार हथियार से रेत कर मौत के घाट उतार दिया। बहू जब तक चिल्ला कर आवाज लगती और आसपास व परिवार के अन्य लोगों के जुटते तब तक मौका देखकर घटना को अंजाम देने वाला शख्स फरार हो गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गौर उपेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।