वरिष्ठ चिकित्सकों ने पूर्व सीएमओ के खिलाफ खोला मोर्चा
बस्ती। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ चिकित्साधिकारियों ने पूर्व सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि उन्होंने स्थानांतरण के बाद सबसे कनिष्ठ एसीएमओ को सीएमओ का पद सौंप दिया है।
एसीएमओ डॉ. सीएल कन्नौजिया, डॉ. एके गुप्ता व डॉ. फखरेयार हुसैन ने अपर निदेशक को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि पूर्व सीएमओ का स्थानांतरण 30 जून को संयुक्त निदेशक आगरा के पद पर हो गया है। स्थानांतरण के बाद उन्होंने कनिष्ठ अधिकारी डॉ. जय सिंह को पद भार हस्तगत करा दिया। चिकित्साधिकारियों ने कहा है कि नवागत सीएमओ ने अब तक चार्ज नहीं लिया है, जिससे सभी राजकीय व वित्तीय कार्य लंबित पड़े हैं। अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को भेजे पत्र में वरिष्ठ चिकित्साधिकारियों ने कहा है कि नियमानुसार विभागाध्यक्ष अवकाश अथवा स्थानांतरण होने पर सबसे वरिष्ठ को पद हस्तगत करते हैं, मगर यहां ऐसा नहीं किया गया है। पूर्व सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर अपने कार्यकाल में भी डॉ. सिंह को ही चार्ज देकर जाते थे। जो नियम विरुद्ध है। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य से नियमानुसार वरिष्ठ चिकित्साधिकारी को चार्ज हस्तगत कराने की मांग की है।