सुबह 9 बजे से ही चुभने लगती है धूप
दोपहर 12 बजे के बाद सूनी हो जा रहीं सड़कें और दुकान
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सूरज की तपिश से तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसका असर बाजार पर भी पड़ रहा है। सहालग और छुट्टी के बाद भी रविवार को बाजार से भीड़ गायब रही। दोपहर 12 बजे के बाद दुकानें व सड़कें सूनी दिखीं। व्यवसायी दोपहर में ग्राहकों का इंतजार करते हुए मिले। पूछने पर बताया कि तपिश अधिक होने के कारण ग्राहक सुबह 11 तक और शाम चार बजे के बाद ही आते हैं।
सुबह 9 बजे से ही तेज धूप हो रही है। ऊपर से धूल भरी गर्म हवा और भी परेशानी बढ़ा रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ। गर्मी का ही नतीजा है कि सहालग के समय में भी बाजार से भीड़ गायब है। आम दिनों में ग्राहकों से गुलजार रहने वाला शहर का गांधीनगर बाजार रविवार 12 बजे ही सूना हो गया। काली मंदिर, फव्वारा चौराहा, कंपनी बाग, रोडवेज, अस्पताल चौराहा, दक्षिण दरवाजा, मंगल बाजार, स्टेशन तिराहा, ब्लॉक रोड जैसे व्यस्त बाजार भी दोपहर में खामोश रहने लगे हैं। व्यवसायियों ने बताया कि जब तापमान कम होता है तो दिनभर ग्राहक आते रहते हैं। सहालग के समय दिन में भोजन करने की फुर्सत नहीं रहती थी, लेकिन गर्मी बढ़ने से ग्राहक अब शाम के समय खरीदारी करने निकल रहे हैं। इससे दुकान रात 11 बजे तक खोलनी पड़ रही है।
..
बोले व्यवसायी
सुबह से ही धूप तेज हो जा रही है। सुबह गिने चुने ग्राहक ही आ रहे हैं। शाम चार बजे के बाद दुकान पर ग्राहकों के आने का सिलसिला शुरू होता है।
पप्पू पांडेय, कपड़ा व्यवसायी
...
दिन में दुकानदारी नाम मात्र की गई है।तेज धूप के कारण ग्राहक कम आ रहे हैं। सामान्य तापमान में बाजार दिनभर गुलजार रहता है।
प्रहलाद मोदी, कपड़ा व्यवसायी
...
गर्मी में ऐसे रहें स्वास्थ्य
- दिन में तीन से चार लीटर पानी पिएं। नींबू पानी, नारियल पानी, मट्ठा, शहद आदि से पूरे दिन ताजगी रहेगी।
- मौसमी फल का सेवन करें। इससे भरपूर विटामिन मिलेंगे, शरीर का एनर्जी लेवल नीचे नहीं गिरेगा।
- भोजन में सलाद का सेवन जरूर करें, हरी सब्जियों का विशेष रूप से सेवन करें।
- दही को काला नमक और भुना जीरा डालकर खाएं, पाचन शक्ति बढ़ेगी।
...
इनसे बनाएं दूरी
- गर्मी में तली चीजों के सेवन से दूर रहने की कोशिश करें।
- मसालों का सीमित मात्रा में प्रयोग करें।
- चीनी या चीनी से बनी मिठाइयों का सेवन कम करें, यह एनर्जी कम कर सकती है।