बस्ती पुलिस 9.10 मिनट , सिद्धार्थनगर 8.03, संतकबीरनगर पुलिस 8.36 मिनट में पहुंच रही
रिस्पांस टाइम और बेहतर बनाने पर आईजी ने लगाया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। 112 नंबर डायल करने के कुछ मिनट के भीतर ही दरवाजे पर खड़ी होने वाली पुलिस के रिस्पांस टाइम को और बेहतर बनाने की पहल की गई है। इसके लिए मंडल के तीनों जिले बस्ती, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर जिले की यूपी-112 टीम के रिस्पांस टाइम की जांच की गई। पाया गया कि तीनों जिले की पुलिस तय समय से पहले मौके पर पहुंच रही है। हालांकि, तीनों जिले की तुलना करें तो सिद्धार्थनगर पुलिस का रिस्पांस टाइम सबसे बेहतर है।
आईजी राम कृष्ण भारद्वाज के निर्देश पर परिक्षेत्रीय कार्यालय में तीनों जिले की आंकड़ों की जांच की गई तो सिद्धार्थनगर का रिस्पांस टाइम 8.03 मिनट, संतकबीरनगर का 8.36 मिनट और बस्ती जिले का 9.10 मिनट पाया गया। बस्ती में डायल 112 पर कॉल करने पर 9.10 मिनट पर पुलिस मौके पर पहुंच रही है। आईजी ने बताया कि इसमें सुधार के लिए निर्देश दिए गए हैं।
जरूरत पड़ने पर मौके पर समय से पहुंचने को लेकर अक्सर पुलिस सवालों से घिरी रहती थी। लोग चुटकी लेकर कहते थे कि पुलिस कभी समय से नहीं पहुंचती है। मगर डायल-112 सेवा शुरू होने के बाद पुलिस के दामन से देर से पहुंचने का दाग धुल चुका है। इसे और बेहतर, उपयोगी एवं जवाबदेह बनाने के लिए आईजी आरके भारद्वाज ने पहल की है। इसके तहत पीआरवी टीम के रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
बता दें कि पीआरवी की शुरुआत की गई थी तो रिस्पांस टाइम 15 मिनट तय किया गया था। जिसे बाद में घटाकर 10 मिनट कर दिया गया है। आईजी ने बताया कि बस्ती रेंज में रिस्पांस टाइम में लगातार सुधार किया जा रहा है। मुसीबत में फंसे लोगों की मदद के लिए पुलिस और तेजी से पहुंचे,इसकी कोशिश की जा रही है।