बस्ती। हर्रैया के नेशनल इंटर कालेज में नगर पंचायत कप्तानगंज की मतगणना के दौरान पुलिस से पत्रकारों की झड़प हो गई। एसएचओ दुबौलिया विनय कुमार पाठक ने मोबाइल फोन छीन लिया। बताया जा रहा है कि कप्तानगंज के एक वार्ड के 26 मतों की गड्डी बदले जाने को लेकर प्रत्याशी के अभिकर्ताओं में नोकझोंक हो रही थी। इस दौरान कुछ पत्रकार उसका वीडियो बनाने लगे। एसएचओ ने मोबाइल छीनकर फेंक दिया। एसएचओ ने कहा कि काउंटर पर झगड़ रहे अभिकर्ताओं को हटाने पहुंचे तो कुछ लोग वीडियो बनाते दिखे। उन्हें हटाने के दौरान उनका और मेरा मोबाइल फोन गिर गया। वे लोग आईकार्ड या मतगणना पास भी नहीं लगाए थे, जिससे गलतफहमी हुई। वहीं पत्रकार धर्मेंद्र पांडेय, राजेश सिंह विशेन, अमित श्रीवास्तव आदि का कहना है कि एसएचओ सबको व्यक्तिगत पहचानते हैं। बावजूद इसके उन्होंने दुर्व्यवहार किया और कवरेज में हस्तक्षेप किया।