बम भोले की गूंज के साथ आज शिवालयों में उमड़ेंगे श्रद्धालु
बस्ती। श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर आज भद्रेश्वरनाथ सहित जिले के 56 प्रमुख मंदिरों में शिवभक्त अपने आदिदेव महादेव का जलाभिषेक करेंगे। मंगलवार को भी तेरस के कारण शिवालयों में जलाभिषेक होगा लिहाजा प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस व प्रशासनिक अमलों ने मंदिरों पर सुरक्षा और अन्य इंतजाम करने में पूरी ताकत झोंक रखा है। खासकर भद्रेश्वरनाथ मंदिर के इर्द गिर्द ज्यादा गहमागहमी है। भारी पुलिस बल के साथ पुलिस अधिकारी व मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए भद्रेश्वरनाथ मंदिर से डारीडीहा मार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबी जिक जैक बैरिकेडिंग की गई है। अराजकतत्वों पर निगरानी के लिए मंदिर के आसपास 10 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भद्रेश्वरनाथ मंदिर, अमहटघाट तथा हर्रैया तहसील में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जहां पर पुलिस, राजस्व, चिकित्सा एवं विद्युत निगम के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। भद्रेश्वरनाथ मंदिर के अंदर मार्बल पर फिसलन को देखते हुए मैट बिछाई गई है। अस्थायी शौचालयों का निर्माण भी कराया गया है।
उधर, तेरस पर कांवड़ियों के जलाभिषेक को लेकर गहमागहमी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार करीब दो लाख कांवड़िए जिला मुख्यालय के आसपास पहुंच चुके हैं। अमहट घाट के लेकर भद्रेश्वरनाथ मंदिर तक बने हुए विश्राम स्थलों, खाली स्थानों आदि पर आराम कर रहे हैं। जबकि उनका जत्था लगातार पहुंचने का क्रम जारी है। डीआईजी आरके भारद्वाज, डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी आशीष श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्था की निगरानी में जुटे हैं।
--