बस्ती। खेल छात्रावासों में प्रवेश के लिए प्रदेश स्तरीय चयन प्रक्रिया में चार खेलों में सात खिलाड़ियों को सफलता मिली है। तीन चरण में आयोजित चयन ट्रायल में करीब 90 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उल्लेखनीय है कि चयन ट्रायल 13-19 मार्च तक क्षेत्रीय क्रीड़ा स्टेडियम में आयोजित किया गया था।
प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल के लिए करीब 20 खिलाड़ियों का चुने गए थे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि फुटबाल में अभिषेक, कुश्ती में आशीष यादव, हॉकी में अजय कुमार गौड,अंशु पांडेय, शरीफ मोहम्मद, आदित्य पटेल और तैराकी में अनुदीप कुमार उपाध्याय को सफलता मिली है। बताया कि सभी खिलाड़ियों को केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर भेजा जा चुका है। शिविर में उनकी शारीरिक क्षमता को परखने के अलावा उन्हें संबंधित खेल की प्रारंभिक जानकारी दी जा रही है। इसके बाद खिलाड़ियों को छात्रावासों को आवंटन किया जाएगा। बताया कि खेल छात्रावासों में चयन के बाद खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और पढ़ाई का संपूर्ण खर्च सरकार उठाएगी।