घघौआ से लेकर भद्रेश्वरनाथ तक जगह-जगह चल रहा भंडारा
- शिविरों में आराम, भोजन, नाश्ता व इलाज तक की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कांवड़ यात्रियों की सेवा में समाजसेवियों में होड़ लगी है। जिले की सीमा घघौआ से लेकर फुटहिया तक सौ-सौ मीटर पर कोई न कोई कांवड़ियों की सेवा-सत्कार करता दिख जाएगा। जगह-जगह शिविरों में शिव भक्तों को आराम, भोजन, नाश्ता व इलाज की व्यवस्था है।
पटेल एसएमएच हाॅस्पिटल एंड पैरा मेडिकल काॅलेज गोटवा में कांवड़ियों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर संचालक डॉ. वीके वर्मा ने बताया कि 700 कांवड़ियों का उपचार किया जा चुका है। इस मौके पर डॉ. अतुल श्रीवास्तव, डाॅ. लालजी यादव, डाॅ. रीतेश कुमार, श्रवन कुमार, डाॅ. फरहाना बानो आदि मौजूद रहीं।
फुटहिया चौराहे पर समाजसेवी तेज प्रताप सिंह की ओर से राहत शिविर लगाया गया है। इसमें आराम, खाना, चिकित्सा तक की व्यवस्था है। यहां चल रहे चिकित्सा शिविर में कांवड़ियों के पैरों की मरहम-पट्टी होती मिली। फुटहिया पुल के नीच स्थिति शिविर में शिव की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अमहट घाट पर नगर पालिका ने पूरे परिसर को सजवाया है। रंगीन लाइटें कांवड़ियों का स्वागत कर रहीं हैं। घाट की आभा देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जा रहा है।
संसारीपुर चौराहे पर मनोरमा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में तमाम विशेषज्ञ डॉक्टर स्वैच्छिक रुप से शिवभक्तों की सेवा कर रहे हैं। मौके पर संरक्षक बलराम त्रिपाठी, प्रबंधक अनिल त्रिपाठी, राहुल प्रजापति,अशोक कुमार, अशोक प्रजापति, अमरजीत प्रजापति, अजीत चौहान, विनय कुमार, रामगोपाल, दीपक गौड़, लल्ला तिवारी, श्रीराम निषाद, सिद्धांत तिवारी, अमित राजभर, सिद्धार्थ तिवारी आदि मौजूद रहे। बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार, अयोध्या से जल लेकर आ रहे कांवड़ियों के लिए बस्ती महुली मार्ग के जगह-जगह समाजसेवी उनकी सेवा में तत्पर दिखे। भद्रेश्वर नाथ शिव मंदिर से पहले काली माता मंदिर भुवर निरंजनपुर में दो दिनों से भंडारा चल रहा है। घुघसा प्रधान शीला सिंह की ओर से आयोजित इस भंडारे में कांवड़ियों को हर प्रकार की सुविधाएं निशुल्क दी जा रही हैं। मौके पर विशाल, विकास आदि मौजूद रहे।