- राशन कार्ड की ई-केवाईसी और बच्चों का स्कूल में प्रवेश नहीं करा पा रहे अभिभावक
संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार। शासन ने बैंक से लेकर सरकारी योजनाओं में लाभ तक के लिए आधार को अनिवार्य कर दिया है। जुलाई में छात्रों के प्रवेश व छात्रवृत्ति सहित अन्य आवेदन के लिए आधार कार्ड बनवाने व संशोधन के लिए लाइन लगानी पड़ रही है। लेकिन, व्यवस्थागत खामियों के चलते लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
डाकघर कर्मियों ने बताया कि एक दिन में महज 30 से 35 आधार कार्ड ही अपडेट हो पा रहे हैं। नगर पंचायत स्थित डाकघर का आलम यह है कि आधार कार्ड अपडेट के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। शनिवार को आधार केंद्र का जायजा लिया गया तो वहां सर्वर की समस्या देखने को मिली।
उमस भरी गर्मी में नागरिक पसीना पोंछते हुए मिले। साहिल, रामजी, अनुराग, संध्या आदि ने बताया कि आए दिन यहां सर्वर खराब रह रहा है। रोज आते हैं, सर्वर खराब होने की बात कही जाती है। इससे बच्चों का स्कूल में प्रवेश नहीं हो पा रहा है और राशन कार्ड की ई-केवाईसी भी नहीं हो पा रही है।
...
कोट
कई दिनों से सर्वर खराब चल रहा है। बीच-बीच में ठीक होने पर कुछ लोगों का कार्य हो जाता है। यह समस्या हर जगह आ रही है।
-राधारानी, उप डाकपाल