बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में लंबे समय से लंबित शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है। बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित जूनियर बेसिक विद्यालयों में कार्यरत 2928 सहायक अध्यापक और सहायक अध्यापिकाओं की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई है। इसके साथ ही प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय एवं सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय के 2404 पदों की वरिष्ठता सूची भी प्रकाशित की गई है। बीएसए अनूप कुमार की ओर से जारी सूची के बाद पदोन्नति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। वरिष्ठता सूची जारी होने से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों में उम्मीद बढ़ी है। अब सूची के आधार पर विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया पूरी किए जाने की प्रतीक्षा है।