अटल प्रेक्षागृह में हर घर विद्युत संयोजन कार्यशाला का शुभारम्भ कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्रा एवं
बस्ती। तीन दिवसीय हर घर विद्युत संयोजन कार्यशाला का शुभारंभ सोमवार को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में हुआ। आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र एवं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने दीप प्रज्ज्वलित किया।
आयुक्त ने कहा कि इस दौर में विद्युत के बिना जीवन की परिकल्पना नहीं की जा सकती है। एक यूनिट बिजली बनाने में जो खर्च आता है, उसका एक हिस्सा सरकार अपने पास से व्यय करती है।
हर घर विद्युत संयोजन होना जरूरी है। इसके लिए ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, विद्युत सखी ज्यादा से ज्यादा लोगों का कनेक्शन कराए। विकास कार्यों को निष्ठापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए। यदि इसमें कोई बाधा आती है, तो जिला प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने मुख्य अभियंता विद्युत को विद्युत सखी के पहचान पत्र बनाने के निर्देश दिए।
उन्होेंने कहा कि प्रत्येक परिवार को सुगमता से विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने के लिए सर्वे कार्य हेतु इंटर कालेज, आईटीआई, स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को 100 रुपये प्रति संयोजन प्रोत्साहन धनराशि भी विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे रोजगार के अवसर मिलेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में विद्युत संयोजन के अंतर्गत कुल 377460 कनेक्शन हुआ है। वंचित परिवारों के यहां कनेक्शन कराने के लिए उन्होंने ग्राम प्रधान, सचिव, विद्युत सखी को निर्देशित किया। सीडीओ डा. राजेश कुमार प्रजापति ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घर-घर विद्युत कनेक्शन देना है। यह कार्य शतप्रतिशत पूर्ण करने वाली पांच ग्राम पंचायतों को सम्मानित भी किया जाएगा। संचालन अवर अभियंता विद्युत प्रिंस कुमार ने किया। मुख्य अधीक्षण अभियंता विद्युत पीके सिंह, अधीक्षण अभियंता एसके आर्या, अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश, मनोज सिंह, अंकुर अवस्थी, महेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।