बस्ती जिले में कलवारी थाना क्षेत्र के पकड़ी छब्बर गांव में बुधवार को 18 वर्षीय युवती ने पंखे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परिवार के लोग उसे गंभीर स्थिति में एक निजी चिकित्सालय में ले गए, जहां उसे रेफर कर दिया गया।
इसके बाद उसे सीएचसी बहादुरपुर पहुंचाए, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार 4 माह पहले 18 वर्षीय मुस्कान निवासिनी कुसौरी थाना कलवारी ने पकड़ी छब्बर थाना कलवारी निवासी राजन के साथ लव मैरिज किया था ।
बुधवार को दोपहर में घर में मुस्कान अकेली थी। इसी दौरान वह पंखे में साड़ी का फंदा बनाकर झूल गई। थोड़ी देर बाद जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो उसे उतार लिया। निजी चिकित्सालय ले गए, मगर यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया।
सीएचसी बहादुरपुर में देर रात उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।