बस्ती। अयोध्या से सरयू नदी का पवित्र जल लेकर श्रीभद्रेश्वरनाथ के साथ ही प्रमुख शिवालयों में 15 जुलाई को जलाभिषेक के लिए कांवड़ियाें का जत्था निकल पड़ा है। कांवड़ियाें की सुरक्षा समेत उनकी यात्रा को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। अभेद्य सुरक्षा के बीच फूल बरसाकर कांवड़ियाें का जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग और नगर निकायों की ओर से कांवड़ियाें के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिले की सीमा छावनी में एसडीएम हर्रैया गुलाब चंद्र, एसओ छावनी दुर्गेश पांडेय के अलावा अन्य अधिकारी फूल बरसात नजर आए।
-
जोश में होश खोए तो होगी कार्रवाई
- भगवान भोलेनाथ की भक्ति के जोश में होश खोए तो फजीहत तय है। जरा सा भी नियम-अनुशासन तोड़े तो भूतनाथ की कृपा बाद में मिलेगी, कानून के फंदे में फंसने का इंतजाम पहले हो जाएगा। इंटेलीजेंस के इनपुट पर अलर्ट सुरक्षा एजेंसियों की जीरो-टालरेंस चौकसी पॉलिसी में ढील की गुंजाइश जरा भी नहीं होगी। कोशिश है कि अयोध्या से लेकर भद्रेश्वनाथ के बीच सभी कांवड़ियों की तस्वीर कैमरे में आ जाए।
-
कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस बल मुस्तैद
- कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की पुलिस लाइंस में ब्रीफिंग की गई। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने पुलिस कर्मियों को उनकी जिम्मेदारी के बारे में आगाह किया। कहा कि सभी पुलिस कर्मी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की मौजूदगी हर जगह बेहद जरूरी है।
कांवड़ यात्रा को सकुशल व शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए ड्यूटी पर पहुंचने से पूर्व अपने ड्यूटी स्थल और जिम्मेदारी को अच्छी तरह समझ लें। कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसका पूरा ध्यान रखें। ड्यूटी के दौरान अच्छा व्यवहार रखते हुए कांवड़ियों का मार्गदर्शन करें। उनकी हर संभव सहायता करें। ध्यान रहे कि ड्यूटी के दौरान किसी के साथ दुर्व्यवहार न करें और न ही किसी के साथ अशिष्ट भाषा का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि रूट डायवर्जन प्वाइंट पर सतर्कता बेहद जरूरी है। ड्यूटी की शिफ्ट चेंज होने के बाद जब तब संबंधित पुलिस कर्मी के आने के बाद ही रवाना हों। यातायात, पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। ब्रीफिंग के दौरान एडीएम कमलेश चंद्र बाजपेयी, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी व अन्य अफसर मौजूद रहे।
गाजे-बाजे के साथ जल लेने अयोध्या गये कांवड़िये
महराजगंज (बस्ती)। हाईवे पर बुधवार को कांवड़ियों की धूम रही। डीजे और गाजे-बाजे के साथ कांवड़ियों का जत्था जल लेने के लिए अयोध्या कूच किया। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। डीएम, एसपी सहित कई अधिकारियों ने सुरक्षा का जायजा लिया।
हाईवे पर सुबह से लेकर देर शाम तक ट्रक, बस, पिकअप,टेंपो और ट्रेलर, बाइक पर सवार होकर भोले के भक्त नाचते-गाते हुए निकले। बड़ेवन, फुटहिया, कटया, गोटवा, खजुहा, कप्तानगंज, महराजगंज, बिहरा गेट, संसारीपुर चौराहा, हर्रैया, सहित प्रमुख चौक चौराहों पर कांवड़ियों की भीड़ लगी रही।
सुरक्षा का हाल जानने के लिए डीएम प्रियंका निरंजन और गोपाल कृष्ण चौधरी बुधवार को हाईवे पर फुटहिया, छावनी राम जानकी तिराहा, सहित प्रमुख जगहों निरीक्षण किया। वही हर्रेया के एसडीएम गुलाब चंद्र ने पुष्प वर्षा करके कांवड़ियों का स्वागत किया।