जनपद के करीब 1.50 लाख प्रवासी श्रमिकों को किया जाएगा प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लोकसभा सामान्य निर्वाचन में 1.50 लाख प्रवासी श्रमिकों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत सचिव घर-घर दस्तक देंगे। सचिव मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के साथ ही उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे। यदि कोई मतदाता किन्हीं कारणों से बूथ तक नहीं जाना चाहता तो सचिव कारणों को जानते हुए उसकी समस्या का समाधान कराएंगे।
25 मई को जिले में मतदान होगा। मत प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी अंद्रा वामसी ने दिए हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में 57 प्रतिशत मतदान हुआ था। प्रशासन पिछले चुनाव से आठ प्रतिशत से अधिक मत प्रतिशत बढ़ाने की कार्रवाई शुरू कर चुका है। इस प्रकार 65 प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य रखा गया है।
सभी श्रमिकों को मतदान के लिए निमंत्रण पत्र एवं पोस्टकार्ड भेजा जा रहा है। जनपद में 2151 मतदेय स्थलों पर मतदान कराने के लिए करीब 11362 कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी। जबकि 10982 नियमित कर्मचारी की उपलब्धता है। शेष 380 कर्मचारियों की ड्यूटी शिक्षामित्र व संविदा कर्मी को चिह्नित कर लगाई जाएगी। इसके लिए प्रशासन चुनाव आयोग से अनुमति प्राप्त करने के लिए अनुरोध पत्र भेजा है।