बनकटी। क्षेत्र के महादेवा, मोहना खोर, पगार खास, खड़हुआ ग्राम पंचायतों में दो माह से विकास कार्य सहित अन्य कार्य ठप पड़े हैं। वजह सचिवों की तैनाती न होना है।
जानकारी के अनुसार, उक्त गांवों में तैनात रहीं सचिव पूनम श्रीवास्तव 30 जून को सेवानिवृत हो गईं। इसके डेढ़ माह बाद प्रमिला चौधरी को चार्ज मिला। चार्ज लेने के बाद वह मेडिकल अवकाश पर चली गईं। ऐसे में करीब दो माह से उक्त पंचायतों के लोगों को परिवार रजिस्टर नकल व मृत्यु प्रमाणपत्र आदि के लिए ब्लॉक तक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
लक्ष्मी देवी, रणजीत उपाध्याय, ओम प्रकाश सिंह, जितेंद्र कुमार यादव आदि ने बताया कि अधिकारी सचिव की तैनाती के लिए गंभीर नहीं हैं। बीडीओ भवानी प्रसाद शुक्ल ने बताया कि सचिव की तैनाती के लिए प्रस्ताव बनाकर जिला मुख्यालय भेजा गया है। अनुमोदन के बाद तैनाती कर दी जाएगी। संवाद